भ्रमित चकित फिरती हूँ जग में ,
मिलती है दुविधा हर पग में |
समझ न आता कौन सहारा ,
हर पग में क्यों सत्य और कर्म है हारा |
सोचूं जैसे द्रौपदी को मिले सखा तुम ,
ढूँढू पल पल नित्य पुकारूँ, हे कृष्णा , कहाँ तुम?
कृष्ण को ढूँढा भजन सुनाकर और मंदिरों में कभी ,
स्वयं में जो लीन हुई तो , दिखा स्पष्ट सब वहीँ तभी |
कृष्ण कदाचित मैं ही हूँ , जब तक हूँ इस जीवन पथ पर ,
श्याम वर्ण है सरल हृदय , मुरली है मुस्कान अधर पर |
स्वयं पर विश्वास ,विवेक है मेरा मोर मुकुट का ,
पीताम्बर ही तो है वह वस्त्र जो बना करुणा व सत्य डोर का |
निष्काम कर्म करूँ , अधिकार समझ। .... तो गीता का सार भी अंदर ,
किसको ढूँढूं अब मैं बाहर कृष्ण तो है मेरा मन मंदिर |
मुस्कान , विवेक, विश्वास , करुणा , ज्ञान के अभाव में खोजूंगी बाहर तुमको जीवन भर ,
कृपा करो बस इतनी मुझपर तुम रहना मेरे ही अंदर |
संसार के इस छल मल में हे कृष्ण !! मेरा मन मलिन न करना ,
कृष्ण रहूं "मैं "जब तक जीवित , मृत्यु पर आलिंगन करना !!!
पद्मजा
०५/०९/२०२१