Sunday, October 1, 2023

आह! की परिभाषा क्या है

ह्रदय कुछ कम है व्याकुल अब , शब्दों ने ले लिया विश्राम है |    ,
कुछ झिलमिल हैं आँखें पर , अधरों पर टिकी  स्थिर मुस्कान है || 
नहीं पता इस जीवन से अब आशा क्या है ,
आह ! की परिभाषा क्या है !!!

एक झोंके से हो जाते हैं निष्क्रिय कई , कुछ झेल जाते हैं  कई कई तूफान | 
कभी अश्रुओं  को मिल जाती है सीमा ,कभी कपटी आंसू को मिल जाते हैं सहारे साथी तमाम || 
ये इस संसार का तमाशा क्या है 
आह ! की परिभाषा क्या है  !!!!

कोई न समझे तेरा सच और दुःख तो ...... 

तू मत रुकना , ना घबराना, चल तू अपनी आस लिए | 
अपनी आंसू की सीमा तय करके ,होठों पर स्थिर मुस्कान लिए || 
अपनी आह को अपनी शक्ति बना , स्थिर चेतन कर्मशील तन मन | 
रख हिम्मत और विश्वास सदा , कृष्ण को अर्पित कर अपना जीवन  || 
तू यहाँ न आसानी से पहुंचा है , अब तेरी ख़ुशी की बारी है | 
कब मत आंक अपना संघर्ष , तू सफलता का अधिकारी है || 

जीवन में होगी कभी निराशा नहीं ,
तेरा सफर  ही सिद्ध करेगा  एक दिन की  .... 
आह की कोई परिभाषा नहीं !!!!!! 

पद्मजा शुक्ल 
१ अक्टूबर २०२३ 


 

Thursday, February 23, 2023

कुछ बाकी है

 कई जीत बाकी हैं , कई हार बाकी हैं ,

अभी तो ज़िन्दगी का सार बाकी है | 

यहाँ से चले हैं नई मंज़िल के लिए ,

यह तो सिर्फ  एक पन्ना था , अभी तो पूरी किताब  बाकी है | 

सपने तो थे और हैं अभी भी  बहुत ढेर सारे ,

ज़िम्मेदारियाँ निभाते ही आये हैं  , अभी तो अपने सारे सपनों का पूरा करना भी बाकी है | 

कैसे हार ले हिम्मत हम, ये तो हमारा विकल्प ही नहीं है ,

अभी तो अपने साथ साथ दूसरों की मुस्कुराहट को और भी सुन्दर और  चिरस्थायी बनाना बाकी है | 

जब तक कुछ बाकी है तब तक वो उम्मीद है , जब तक उम्मीद हो तब तक सपने रखना ,

हे ईश्वर , शुक्रिया तेरा जो तूने बिन मांगे सब दिया है , गुज़ारिश अब ये है कि , हमेशा  ज़िन्दगी में मेरे , कुछ बाकी रखना !!!!!!

 पद्मजा शुक्ल 

२४/०२/२०२३