Friday, May 2, 2025

ये जीवन क्या - एक कहानी


कुछ मुस्कुरा कर, कुछ आँसू बहाकर, कुछ ग़म छिपाकर, कुछ अद्भुत फैसले लेकर ,
छोटी-छोटी मामूली सी, हर वक़्त बदलती उम्मीदों की स्याही से, लिखी थी एक कहानी,
बड़े प्यार और नए नए सपनो से संजोया था बचपन को , 
दृढ़ शक्ति ,उपलब्धियों और हिम्मत से गर्वित थी जवानी | 

अविश्वसनीय साहस के साथ , कठोर परिश्रम के बाद , बिना शोर के नयी ऊँचाइयाँ पाना ,
सब पाकर भी न अहंकार, न तेज़ आवाज़ , छोटी सी उम्मीद का दामन थामे रहना  | 

उस उम्मीद के सहारे तय कर जाना मीलों का सफर 
कुछ पल चुराकर खुशियों के , फिर चल पड़ना अपने कर्त्तव्य के डगर | 

कहानियां ख़त्म हो जाती हैं क्या , किरदार के जाने के बाद ?
क्या गुम हो जाते हैं सब किस्से , बस रह जाती है एक हल्की  सी याद ??

कहानियां ख़त्म नहीं होती -  अधूरी होती हैं हमेशा  , कुछ अंश छोड़ जाती हैं , अक्सर प्रज्जवलित रहते हैं कुछ दिए ,
जहाँ से शुरू होती है फिर एक नयी कहानी , अस्तित्व पुरानी कहानी का लिए | 

कुछ कोमल पल कठोरता चाहते थे , कुछ आँसू के क्षण , मुस्कराहट के हक़दार थे ,
कुछ किस्से प्यार के बदले में प्यार के योग्य थे , कुछ पन्ने दोबारा पढ़े जाने पर बताते हैं की गुनहगार नहीं खुद्दार थे | 

बहुत यादें पुरानी कहानी की लिए , लिखते हैं चलो एक नयी दास्तान  ,
जहाँ सच, साहस , कोमल पल और सच्चे प्यार का भी किस्सा होगा थोड़ा आसान ! 

पद्मजा शुक्ल 
२ मई २०२५ 






Friday, April 11, 2025

DIDI


चले गए हो कहाँ तुम , हर वक़्त मेरा साथ देने वाले 
क्या सोच लिया तुमने , की मैं हूँ किसी तुमसे अच्छे के हवाले ?

आसान नहीं था जो जो तुमने सबके लिए करके दिखाया 
अंत तक कोई भी परेशानी का न किसी पर पड़ने दिया साया || 

हारे तो नहीं हो तुम, ना,  तुम्हारी  फितरत ही नहीं 
खेल ही छोड़ दिया  तुमने कह के, जा अब तू ही सही !! 
छीना झपटी से कोसों दूर थी तुम,  जो मिल गया अच्छा ,
जिसने भी किया कपट , उसके लिए भी न बुरे शब्द  कभी , था तुम्हारा प्यार हमेशा सच्चा !!  

लालच आता है , थोड़ा सा और ठहर लेते , थोड़ा सा और साथ दे देते 
इस दुनिया में हम , साथ में खुशियों का घर बसा ही लेते | 

जल्दी बहुत थी तुमको, सब्र का तो तुम सागर ही थी ,
धैर्य सिखा दिया मुझको भी , कितनी छोटी तुम्हारी इच्छाओं  की गागर थी | 

भूल नहीं पा रहा है कोई , तुम्हारा चमकता चेहरा और  मासूम मुस्कान ,
सबको स्वछन्द करके , चल दिए नए सफर में लौटा के सबको अपना सामान 

प्रेरणा हो तुम कितनो की , नहीं गिन पा रही हूँ मैं ,
मुझे अब समझाएगा कौन तो अब तुम्हारे गुणों को, अपने अंदर समां रही हूँ मैं ! 

दीदी , याद तो बहुत  आ रही है , पर तसल्ली है और खुश हूँ  , क्यूंकि मुझे पता है 
इस दुनिया से दूर  , तुम होगी वहां सहज, निडर, स्वतंत्र , मुस्कुराती हुई , वहीँ तुम्हारी सत्ता है !