Friday, May 2, 2025

ये जीवन क्या - एक कहानी


कुछ मुस्कुरा कर, कुछ आँसू बहाकर, कुछ ग़म छिपाकर, कुछ अद्भुत फैसले लेकर ,
छोटी-छोटी मामूली सी, हर वक़्त बदलती उम्मीदों की स्याही से, लिखी थी एक कहानी,
बड़े प्यार और नए नए सपनो से संजोया था बचपन को , 
दृढ़ शक्ति ,उपलब्धियों और हिम्मत से गर्वित थी जवानी | 

अविश्वसनीय साहस के साथ , कठोर परिश्रम के बाद , बिना शोर के नयी ऊँचाइयाँ पाना ,
सब पाकर भी न अहंकार, न तेज़ आवाज़ , छोटी सी उम्मीद का दामन थामे रहना  | 

उस उम्मीद के सहारे तय कर जाना मीलों का सफर 
कुछ पल चुराकर खुशियों के , फिर चल पड़ना अपने कर्त्तव्य के डगर | 

कहानियां ख़त्म हो जाती हैं क्या , किरदार के जाने के बाद ?
क्या गुम हो जाते हैं सब किस्से , बस रह जाती है एक हल्की  सी याद ??

कहानियां ख़त्म नहीं होती -  अधूरी होती हैं हमेशा  , कुछ अंश छोड़ जाती हैं , अक्सर प्रज्जवलित रहते हैं कुछ दिए ,
जहाँ से शुरू होती है फिर एक नयी कहानी , अस्तित्व पुरानी कहानी का लिए | 

कुछ कोमल पल कठोरता चाहते थे , कुछ आँसू के क्षण , मुस्कराहट के हक़दार थे ,
कुछ किस्से प्यार के बदले में प्यार के योग्य थे , कुछ पन्ने दोबारा पढ़े जाने पर बताते हैं की गुनहगार नहीं खुद्दार थे | 

बहुत यादें पुरानी कहानी की लिए , लिखते हैं चलो एक नयी दास्तान  ,
जहाँ सच, साहस , कोमल पल और सच्चे प्यार का भी किस्सा होगा थोड़ा आसान ! 

पद्मजा शुक्ल 
२ मई २०२५