Thursday, April 25, 2024

पापा

जीवन भर जिन्होंने बिना शर्तों के साथ निभाया था 
थके हम तो, हमको कंधे पर उठाया था ,
सच बोलूं तो सच में उनकी याद बहुत आती है 
पापा की वाणी ही  आज भी व्यथा में हमें समझाती है | 

सदैव कर्म पथ पर थे जो चले 
उनकी छाया में ही हम पले,
अपने होने का ही कभी आभास न दिलाया 
ऐसा सरल प्रेममय व्यक्तित्व किसी किसी ने ही पाया | 

चले गए हो निश्चित आप दूर कहीं 
पर होता है कभी ये एहसास नहीं ,
परेशानियों को अपना मित्र बनाना सिखाया था 
हर छोटी छोटी ज़रूरत में हमेशा आपको अपने पास ही पाया था |  

मीलों दूर , फोन पर एक "हेलो" भी भर देती थी सब में नव चेतन 
सभी मुश्किलें अपनी सहेली लगती , सुनकर आपसे उनका वर्णन ,
"दुःख परेशानियां तो आएँगी बिन बुलाये प्रिय पहुने की तरह 
उनका सत्कार करो तो वो भेज देंगे अपने विरोधियों (सुख)को , हो जाएगी सुलह " .... 

फ़िक्र मत करना पापा, याद हैं आपकी सारी सीखों  का सार अभी ,
हिम्मत तो टूटती है पर फिर फिर उठ जाते हैं और हमेशा उठेंगे , मान के आपकी बातें  सभी  ....

पद्मजा शुक्ल 
२५/०४/२०२४