जीवन भर जिन्होंने बिना शर्तों के साथ निभाया था
थके हम तो, हमको कंधे पर उठाया था ,
सच बोलूं तो सच में उनकी याद बहुत आती है
पापा की वाणी ही आज भी व्यथा में हमें समझाती है |
सदैव कर्म पथ पर थे जो चले
उनकी छाया में ही हम पले,
अपने होने का ही कभी आभास न दिलाया
ऐसा सरल प्रेममय व्यक्तित्व किसी किसी ने ही पाया |
चले गए हो निश्चित आप दूर कहीं
पर होता है कभी ये एहसास नहीं ,
परेशानियों को अपना मित्र बनाना सिखाया था
हर छोटी छोटी ज़रूरत में हमेशा आपको अपने पास ही पाया था |
मीलों दूर , फोन पर एक "हेलो" भी भर देती थी सब में नव चेतन
सभी मुश्किलें अपनी सहेली लगती , सुनकर आपसे उनका वर्णन ,
"दुःख परेशानियां तो आएँगी बिन बुलाये प्रिय पहुने की तरह
उनका सत्कार करो तो वो भेज देंगे अपने विरोधियों (सुख)को , हो जाएगी सुलह " ....
फ़िक्र मत करना पापा, याद हैं आपकी सारी सीखों का सार अभी ,
हिम्मत तो टूटती है पर फिर फिर उठ जाते हैं और हमेशा उठेंगे , मान के आपकी बातें सभी ....
पद्मजा शुक्ल
२५/०४/२०२४