Friday, May 2, 2025

ये जीवन क्या - एक कहानी


कुछ मुस्कुरा कर, कुछ आँसू बहाकर, कुछ ग़म छिपाकर, कुछ अद्भुत फैसले लेकर ,
छोटी-छोटी मामूली सी, हर वक़्त बदलती उम्मीदों की स्याही से, लिखी थी एक कहानी,
बड़े प्यार और नए नए सपनो से संजोया था बचपन को , 
दृढ़ शक्ति ,उपलब्धियों और हिम्मत से गर्वित थी जवानी | 

अविश्वसनीय साहस के साथ , कठोर परिश्रम के बाद , बिना शोर के नयी ऊँचाइयाँ पाना ,
सब पाकर भी न अहंकार, न तेज़ आवाज़ , छोटी सी उम्मीद का दामन थामे रहना  | 

उस उम्मीद के सहारे तय कर जाना मीलों का सफर 
कुछ पल चुराकर खुशियों के , फिर चल पड़ना अपने कर्त्तव्य के डगर | 

कहानियां ख़त्म हो जाती हैं क्या , किरदार के जाने के बाद ?
क्या गुम हो जाते हैं सब किस्से , बस रह जाती है एक हल्की  सी याद ??

कहानियां ख़त्म नहीं होती -  अधूरी होती हैं हमेशा  , कुछ अंश छोड़ जाती हैं , अक्सर प्रज्जवलित रहते हैं कुछ दिए ,
जहाँ से शुरू होती है फिर एक नयी कहानी , अस्तित्व पुरानी कहानी का लिए | 

कुछ कोमल पल कठोरता चाहते थे , कुछ आँसू के क्षण , मुस्कराहट के हक़दार थे ,
कुछ किस्से प्यार के बदले में प्यार के योग्य थे , कुछ पन्ने दोबारा पढ़े जाने पर बताते हैं की गुनहगार नहीं खुद्दार थे | 

बहुत यादें पुरानी कहानी की लिए , लिखते हैं चलो एक नयी दास्तान  ,
जहाँ सच, साहस , कोमल पल और सच्चे प्यार का भी किस्सा होगा थोड़ा आसान ! 

पद्मजा शुक्ल 
२ मई २०२५ 






Friday, April 11, 2025

DIDI


चले गए हो कहाँ तुम , हर वक़्त मेरा साथ देने वाले 
क्या सोच लिया तुमने , की मैं हूँ किसी तुमसे अच्छे के हवाले ?

आसान नहीं था जो जो तुमने सबके लिए करके दिखाया 
अंत तक कोई भी परेशानी का न किसी पर पड़ने दिया साया || 

हारे तो नहीं हो तुम, ना,  तुम्हारी  फितरत ही नहीं 
खेल ही छोड़ दिया  तुमने कह के, जा अब तू ही सही !! 
छीना झपटी से कोसों दूर थी तुम,  जो मिल गया अच्छा ,
जिसने भी किया कपट , उसके लिए भी न बुरे शब्द  कभी , था तुम्हारा प्यार हमेशा सच्चा !!  

लालच आता है , थोड़ा सा और ठहर लेते , थोड़ा सा और साथ दे देते 
इस दुनिया में हम , साथ में खुशियों का घर बसा ही लेते | 

जल्दी बहुत थी तुमको, सब्र का तो तुम सागर ही थी ,
धैर्य सिखा दिया मुझको भी , कितनी छोटी तुम्हारी इच्छाओं  की गागर थी | 

भूल नहीं पा रहा है कोई , तुम्हारा चमकता चेहरा और  मासूम मुस्कान ,
सबको स्वछन्द करके , चल दिए नए सफर में लौटा के सबको अपना सामान 

प्रेरणा हो तुम कितनो की , नहीं गिन पा रही हूँ मैं ,
मुझे अब समझाएगा कौन तो अब तुम्हारे गुणों को, अपने अंदर समां रही हूँ मैं ! 

दीदी , याद तो बहुत  आ रही है , पर तसल्ली है और खुश हूँ  , क्यूंकि मुझे पता है 
इस दुनिया से दूर  , तुम होगी वहां सहज, निडर, स्वतंत्र , मुस्कुराती हुई , वहीँ तुम्हारी सत्ता है !



Thursday, April 25, 2024

पापा

जीवन भर जिन्होंने बिना शर्तों के साथ निभाया था 
थके हम तो, हमको कंधे पर उठाया था ,
सच बोलूं तो सच में उनकी याद बहुत आती है 
पापा की वाणी ही  आज भी व्यथा में हमें समझाती है | 

सदैव कर्म पथ पर थे जो चले 
उनकी छाया में ही हम पले,
अपने होने का ही कभी आभास न दिलाया 
ऐसा सरल प्रेममय व्यक्तित्व किसी किसी ने ही पाया | 

चले गए हो निश्चित आप दूर कहीं 
पर होता है कभी ये एहसास नहीं ,
परेशानियों को अपना मित्र बनाना सिखाया था 
हर छोटी छोटी ज़रूरत में हमेशा आपको अपने पास ही पाया था |  

मीलों दूर , फोन पर एक "हेलो" भी भर देती थी सब में नव चेतन 
सभी मुश्किलें अपनी सहेली लगती , सुनकर आपसे उनका वर्णन ,
"दुःख परेशानियां तो आएँगी बिन बुलाये प्रिय पहुने की तरह 
उनका सत्कार करो तो वो भेज देंगे अपने विरोधियों (सुख)को , हो जाएगी सुलह " .... 

फ़िक्र मत करना पापा, याद हैं आपकी सारी सीखों  का सार अभी ,
हिम्मत तो टूटती है पर फिर फिर उठ जाते हैं और हमेशा उठेंगे , मान के आपकी बातें  सभी  ....

पद्मजा शुक्ल 
२५/०४/२०२४ 


Saturday, February 24, 2024

साथ नहीं साथ का एहसास ज़रूरी होता है

कलम उठायी तो ख्याल उनका आया ,
जो कृत्रिम  मुस्कान लिए, भीड़ में भी सोचते हैं  "मैंने कोई अपना न पाया" । ... 

नहीं होती है पूरी दुनिया मतलबी ,मिलते हैं सफर में कई हमराह। .... 
मन से दुनियादारी की धूल हटा  कर तो देख ,नज़र आएंगे  वो जिनके लिए थे तुम उनकी दुनिया , और उनकी चाह  ,
झूठे लफ़्ज़ों  की भीड़ में , न जाने किसके आगे जाने की होड़ में ,
ज़रा आराम से सोचो , छूट तो नहीं गए वो ???? कहीं ज़िन्दगी के मोड़ में !!!! 

मत कर अपने को उस झूठी दुनिया के जैसा ,
तू भूल चुका है , सुकून से मुस्कुराना था कैसा। .. 
दिखावे का पर्दा आँखों से हटा कर तो देख ,
खुदगर्ज़  रिश्ते नातों को ,  झूठी दोस्ती  को ठिकाने लगा कर तो देख।,
एक बार तनहा हो कर तो देख। 
यकीं कर , पायेगा तू , कभी कभी  अकेलापन भी ऐसा सुकून देता है,
सच है , साथ नहीं साथ का एहसास ज़रूरी होता है !!!! 

तेरे आस पास निभाते है लोग वाकई में दुनिया दारी ,
पर बिन मतलब कभी तो किसी ने निभाया होगा तेरा साथ और  पूरी की होगी तेरी ज़िम्मेदारी ,
खो जाते हैं, छूट जाते हैं  अक्सर  वो दोस्त , वो परिवार 
जिनको होना था साथ में, वो करते हैं तेरा इंतज़ार। .... 
अगर पाना न हो वापस  मुमकिन , तो यादों में ही समां लो , पहला मक़ाम दो  ,
थाम लो जाकर वापस उन्हें , ऐसे लोगों का प्यार ही नहीं ,प्यार का ख्याल ज़रूरी होता है। .. 
क्यूंकि ,साथ नहीं साथ का एहसास ज़रूरी होता है !!!! 

पद्मजा शुक्ल 
२५/०२/२०२४ 










Sunday, October 1, 2023

आह! की परिभाषा क्या है

ह्रदय कुछ कम है व्याकुल अब , शब्दों ने ले लिया विश्राम है |    ,
कुछ झिलमिल हैं आँखें पर , अधरों पर टिकी  स्थिर मुस्कान है || 
नहीं पता इस जीवन से अब आशा क्या है ,
आह ! की परिभाषा क्या है !!!

एक झोंके से हो जाते हैं निष्क्रिय कई , कुछ झेल जाते हैं  कई कई तूफान | 
कभी अश्रुओं  को मिल जाती है सीमा ,कभी कपटी आंसू को मिल जाते हैं सहारे साथी तमाम || 
ये इस संसार का तमाशा क्या है 
आह ! की परिभाषा क्या है  !!!!

कोई न समझे तेरा सच और दुःख तो ...... 

तू मत रुकना , ना घबराना, चल तू अपनी आस लिए | 
अपनी आंसू की सीमा तय करके ,होठों पर स्थिर मुस्कान लिए || 
अपनी आह को अपनी शक्ति बना , स्थिर चेतन कर्मशील तन मन | 
रख हिम्मत और विश्वास सदा , कृष्ण को अर्पित कर अपना जीवन  || 
तू यहाँ न आसानी से पहुंचा है , अब तेरी ख़ुशी की बारी है | 
कब मत आंक अपना संघर्ष , तू सफलता का अधिकारी है || 

जीवन में होगी कभी निराशा नहीं ,
तेरा सफर  ही सिद्ध करेगा  एक दिन की  .... 
आह की कोई परिभाषा नहीं !!!!!! 

पद्मजा शुक्ल 
१ अक्टूबर २०२३ 


 

Thursday, February 23, 2023

कुछ बाकी है

 कई जीत बाकी हैं , कई हार बाकी हैं ,

अभी तो ज़िन्दगी का सार बाकी है | 

यहाँ से चले हैं नई मंज़िल के लिए ,

यह तो सिर्फ  एक पन्ना था , अभी तो पूरी किताब  बाकी है | 

सपने तो थे और हैं अभी भी  बहुत ढेर सारे ,

ज़िम्मेदारियाँ निभाते ही आये हैं  , अभी तो अपने सारे सपनों का पूरा करना भी बाकी है | 

कैसे हार ले हिम्मत हम, ये तो हमारा विकल्प ही नहीं है ,

अभी तो अपने साथ साथ दूसरों की मुस्कुराहट को और भी सुन्दर और  चिरस्थायी बनाना बाकी है | 

जब तक कुछ बाकी है तब तक वो उम्मीद है , जब तक उम्मीद हो तब तक सपने रखना ,

हे ईश्वर , शुक्रिया तेरा जो तूने बिन मांगे सब दिया है , गुज़ारिश अब ये है कि , हमेशा  ज़िन्दगी में मेरे , कुछ बाकी रखना !!!!!!

 पद्मजा शुक्ल 

२४/०२/२०२३ 

Saturday, September 17, 2022

बात सिर्फ हालात की है !

आज सब कुछ टूटा टूटा दिख रहा है, 
इस समय सब छूटा छूटा लग रहा है | 
यकीन कर ये सिर्फ तेरा एक भ्रम है ,
तेरे में अभी भी वही दम है | 
न शह की है न मात की है , बात सिर्फ हालात की है || 

आज अकेला लग रहा हो तो ज़रा भी ना घबराना ,
अपनी ताक़त और अच्छाइयों को फिर से एक बार आज़माना | 
अपने परिश्रम से पायी ऊंचाइयों को कम क्यों करना ,
जो चल न सके तेरे साथ , उनके छूटने का गम क्यों करना | 
ये साज़िशें तो कायनात की हैं , बात सिर्फ हालात की है || 

वक़्त पर रख भरोसा , उस पर नहीं  है किसी का हक़ ,
कुछ ही पल में ये बादल छट जाएगा , थोड़ी तसल्ली तो रख | 
हो कैसे भी हालात , अपनी सोच को बस इतना सा  मोड़ना ,
छूट जाएं भले ही सब, बस तू  उम्मीद और मुस्कान का दामन न छोड़ना |
अकेले की न साथ की है, बात सिर्फ हालात की है || 

पद्मजा शुक्ल 
१७ /०९/२०२२